back to top

जयपुर से अमेरिका पहुंचा परिवार, बेटी ने रचा इतिहास! कौन हैं पिया डांडिया, जिन्होंने ट्रंप के करीबी को हराकर जीता चुनाव

फ्लोरिडा: अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में भारतीय मूल की पिया डांडिया ने जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। उन्होंने फ्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से रिपब्लिकन उम्मीदवार केसी अस्कर को हराया। इस जीत के साथ पिया अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए निर्वाचित होने वाली दूसरी भारतीय-अमेरिकी महिला बन गई हैं। उनसे पहले प्रमिला जयपाल यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। पिया का परिवार मूल रूप से राजस्थान की राजधानी जयपुर से ताल्लुक रखता है। उनकी पढ़ाई हार्वर्ड विश्वविद्यालय में हुई है और वह दिल्ली की झुग्गी-बस्तियों में बच्चों को अंग्रेजी भी पढ़ा चुकी हैं।

1980 के दशक में जयपुर से अमेरिका चले गए थे माता-पिता

पिया डांडिया के माता-पिता 1980 के दशक में जयपुर से अमेरिका चले गए थे और वहीं बस गए। उनके पिता डॉ. रोहित डांडिया पेशे से डॉक्टर हैं। वहीं, उनकी मां ने 40 वर्ष की उम्र में जुपिटर में एक मोंटेसरी स्कूल की शुरुआत की थी। इस स्कूल को खोलने के पीछे पिया की शिक्षा भी एक प्रमुख वजह थी।

पिया का पालन-पोषण भारतीय संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं से जुड़े माहौल में हुआ। उनके माता-पिता बचपन से ही उन्हें भारत भेजते थे, ताकि वह अपने रिश्तेदारों के साथ समय बिता सकें और अपनी पारिवारिक जड़ों को करीब से समझ सकें।

पिया ने बताया- छोटी उम्र में अकेले भारत भेजते थे माता-पिता

अगस्त 2025 में न्यू इंडिया अब्रॉड को दिए एक साक्षात्कार में पिया ने बताया था कि उनके माता-पिता उन्हें बहुत छोटी उम्र से ही अकेले भारत भेजते थे। इसका मकसद उन्हें अपने भाई-बहनों और रिश्तेदारों के साथ समय बिताने का मौका देना था।

पिया के मुताबिक, भारत की इन यात्राओं ने उनके जीवन और सोच को गहराई से प्रभावित किया। इन अनुभवों से उन्हें अलग-अलग लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को समझने और समाज में मौजूद असमानताओं को करीब से देखने का अवसर मिला।

दिल्ली की झुग्गी-बस्तियों में बच्चों को पढ़ाया

हार्वर्ड विश्वविद्यालय में पहले साल की पढ़ाई पूरी करने के बाद पिया ने गर्मियों की छुट्टियां दिल्ली की झुग्गी-बस्तियों में बच्चों को अंग्रेजी पढ़ाने में बिताईं। वह आशा कोऑपरेटिव सोसायटी से जुड़ी थीं और सात से 17 वर्ष की उम्र के बच्चों को पढ़ाती थीं।

इस अनुभव के बारे में उन्होंने कहा था कि वंचित बच्चों को पढ़ाने के दौरान उन्हें समझ आया कि लोगों के बीच अंतर उनकी क्षमताओं का नहीं, बल्कि उन परिस्थितियों का होता है जिनमें उन्हें अपना जीवन बिताना पड़ता है।

हार्वर्ड से पढ़ाई, 28 साल की उम्र में बनीं स्कूल की प्रिंसिपल

पिया ने हार्वर्ड विश्वविद्यालय से गवर्नमेंट विषय में पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने बोस्टन विश्वविद्यालय से शिक्षा में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की। बोस्टन में उन्होंने ‘टीच फॉर अमेरिका’ कार्यक्रम के तहत अध्यापन भी किया।

इसके बाद महज 28 वर्ष की उम्र में उन्हें न्यूयॉर्क के हार्लेम स्थित डेमोक्रेसी प्रेप एंड्योरेंस हाई स्कूल की संस्थापक प्रिंसिपल बनने का मौका मिला।

2020 में चुनी गईं व्हाइट हाउस फेलो

पिया डांडिया को वर्ष 2020 में व्हाइट हाउस फेलो चुना गया था। इस दौरान उन्होंने व्हाइट हाउस की घरेलू नीति परिषद और अमेरिकी शिक्षा विभाग में काम किया। बाद में उन्होंने एप्पल में सार्वजनिक क्षेत्र से जुड़ी पहलों का नेतृत्व किया। इलिनॉय के गवर्नर जेबी प्रित्जकर ने भी उन्हें राज्य की पी-20 परिषद में नियुक्त किया था।

पहली बार चुनावी मैदान में उतरीं पिया डांडिया

चुनावी राजनीति में पिया का यह पहला प्रयास था। शुरुआत में उन्होंने फ्लोरिडा के 21वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से चुनाव लड़ने के लिए नामांकन दाखिल किया था। यहां उनका मुकाबला रिपब्लिकन सांसद ब्रायन मास्ट से होना था। हालांकि, फ्लोरिडा में मध्यावधि परिसीमन के बाद उन्होंने 22वें डिस्ट्रिक्ट से चुनाव लड़ने का फैसला किया। 18 अगस्त को उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी का प्राथमिक चुनाव भी जीत लिया।

फ्लोरिडा पॉलिटिक्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मतदाता पंजीकरण के आंकड़ों के लिहाज से यह क्षेत्र रिपब्लिकन पार्टी के पक्ष में माना जाता है। यहां करीब 1.85 लाख रिपब्लिकन, 1.46 लाख डेमोक्रेटिक और 1.50 लाख अन्य राजनीतिक संबद्धता वाले मतदाता पंजीकृत हैं।

महंगाई, भ्रष्टाचार और बंदूक सुरक्षा रहे चुनावी मुद्दे

चुनाव प्रचार के दौरान पिया डांडिया ने महंगाई, भ्रष्टाचार, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और बंदूक सुरक्षा जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। फ्लोरिडा पॉलिटिक्स से बातचीत में उन्होंने कहा था कि दक्षिण फ्लोरिडा के लोग बढ़ती महंगाई और वाशिंगटन की दिखावटी राजनीति से परेशान हैं।

चंदा जुटाने में अस्कर आगे, फिर भी पिया ने दर्ज की जीत

चुनाव में दोनों उम्मीदवारों के बीच आर्थिक मुकाबला भी काफी दिलचस्प रहा। 14 अक्टूबर तक पिया डांडिया के चुनाव अभियान को करीब 46 लाख डॉलर का चंदा मिला था, जबकि रिपब्लिकन उम्मीदवार केसी अस्कर ने लगभग 74 लाख डॉलर जुटाए थे।

हालांकि, अस्कर की जुटाई गई राशि का बड़ा हिस्सा उनके अपने चुनाव अभियान को दिए गए कर्ज से आया था। संघीय चुनाव आयोग के रिकॉर्ड के मुताबिक, उन्होंने करीब 68 लाख डॉलर खुद अपने चुनाव अभियान में लगाए थे। इसके बावजूद पिया ने उन्हें चुनाव में पराजित कर दिया।

प्रमिला जयपाल ने दी जीत की बधाई

भारतीय-अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल ने पिया डांडिया की जीत पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि कांग्रेस का चुनाव जीतने के लिए पिया को बधाई और वह सदन में तीसरी दक्षिण एशियाई-अमेरिकी महिला का स्वागत करने को लेकर उत्साहित हैं।

पिया डांडिया फ्लोरिडा के पाम बीच गार्डन्स में अपने पति नवनीत अलग और बेटे साहिब के साथ रहती हैं। उनकी जीत के बाद अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में भारतीय-अमेरिकी सांसदों के अनौपचारिक समूह ‘समोसा कॉकस’ की मौजूदगी भी बनी रहेगी।

RELATED ARTICLES

यूपी के 5 लाख घरों में लगेंगे रूफटॉप सोलर, 31 मार्च 2027 से पहले करें आवेदन; मिल सकती है 1.08 लाख तक सब्सिडी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा से जोड़ने के लिए योगी सरकार ने बड़ी योजना तैयार की है। प्रधानमंत्री सूर्य...

कथा के विरोध पर धीरेंद्र शास्त्री का तंज, बोले- पहले यज्ञ में हड्डियां डालते थे राक्षस, अब सोशल मीडिया पर पोस्ट डालते हैं

गोंडा: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कथा और सनातन धर्म के विरोध को लेकर टिप्पणी की है। उत्तर प्रदेश के गोंडा...

अनन्या पांडे की ‘कॉल मी बे’ का दूसरा सीजन इस दिन होगा रिलीज, फिर दिखेगा बेला का बिंदास अंदाज

मुंबई: अभिनेत्री अनन्या पांडे की चर्चित वेब सीरीज 'कॉल मी बे' के दूसरे सीजन की रिलीज तारीख सामने आ गई है। करण जौहर के...

यूपी के 5 लाख घरों में लगेंगे रूफटॉप सोलर, 31 मार्च 2027 से पहले करें आवेदन; मिल सकती है 1.08 लाख तक सब्सिडी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा से जोड़ने के लिए योगी सरकार ने बड़ी योजना तैयार की है। प्रधानमंत्री सूर्य...

कथा के विरोध पर धीरेंद्र शास्त्री का तंज, बोले- पहले यज्ञ में हड्डियां डालते थे राक्षस, अब सोशल मीडिया पर पोस्ट डालते हैं

गोंडा: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कथा और सनातन धर्म के विरोध को लेकर टिप्पणी की है। उत्तर प्रदेश के गोंडा...

मध्य प्रदेश में पिता की हैवानियत, 6 साल की बेटी की हत्या कर पत्नी को भी किया लहूलुहान

सीधी: मध्य प्रदेश के सीधी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी...

अनन्या पांडे की ‘कॉल मी बे’ का दूसरा सीजन इस दिन होगा रिलीज, फिर दिखेगा बेला का बिंदास अंदाज

मुंबई: अभिनेत्री अनन्या पांडे की चर्चित वेब सीरीज 'कॉल मी बे' के दूसरे सीजन की रिलीज तारीख सामने आ गई है। करण जौहर के...

बेटी राशा और बेटे के साथ महाकाल के दरबार पहुंचीं रवीना टंडन, बोलीं- आज का दिन मेरे लिए बेहद सौभाग्यशाली

उज्जैन: बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन मंगलवार को अपने दोनों बच्चों के साथ उज्जैन स्थित प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने भगवान महाकाल के दर्शन...

ग्रीस में रोमांटिक छुट्टियां मना रहे सैफ-करीना, सनसेट के सामने दिखी शानदार केमिस्ट्री; जेह की तस्वीर भी छाई

मुंबई: बॉलीवुड की चर्चित जोड़ी करीना कपूर खान और सैफ अली खान इन दिनों ग्रीस में परिवार के साथ छुट्टियों का आनंद ले रही...