- भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच खेले गए दूसरे अनौपचारिक टेस्ट मैच के अंतिम दिन जायसवाल ने नाबाद 155 रन बनाकर भारतीय टीम प्रबंधन की चिंता दूर करने का प्रयास किया।
क्राइस्टचर्च। भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने शानदार शतकीय पारी खेलकर अपनी फॉर्म में वापसी के संकेत दिए हैं। भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच खेले गए दूसरे अनौपचारिक टेस्ट मैच के अंतिम दिन जायसवाल ने नाबाद 155 रन बनाकर भारतीय टीम प्रबंधन की चिंता दूर करने का प्रयास किया। उनके साथ यश राठौड़ ने भी नाबाद शतक जड़ा। दोनों बल्लेबाजों की शानदार पारियों की बदौलत मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
मैच के चौथे और अंतिम दिन जायसवाल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 162 गेंदों पर नाबाद 155 रन बनाए। उनकी पारी में 15 चौके और पांच छक्के शामिल रहे। वहीं, विदर्भ के बल्लेबाज यश राठौड़ ने 122 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से नाबाद 100 रन बनाए।
दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 247 रन की अटूट साझेदारी कर भारत ए को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। राठौड़ के शतक पूरा करते ही दोनों टीमों के कप्तानों ने मैच ड्रॉ करने पर सहमति जता दी। भारत ए ने अपनी दूसरी पारी दो विकेट पर 282 रन बनाकर घोषित किए बिना ही समाप्त की।
इससे पहले भारत ए ने पहली पारी में 346 रन बनाए थे, जबकि न्यूजीलैंड ए ने जवाब में 424 रन बनाकर बढ़त हासिल की थी। क्राइस्टचर्च के हैगली ओवल की पिच चौथे दिन बल्लेबाजी के लिए बेहद अनुकूल नजर आई। सपाट होती पिच पर भारतीय बल्लेबाजों ने आसानी से रन बटोरे और टीम का रन रेट 5.35 रहा।
खराब शुरुआत के बाद जायसवाल ने संभाली पारी
भारत ए ने चौथे दिन अपनी दूसरी पारी बिना किसी नुकसान के 32 रन से आगे बढ़ाई। हालांकि, टीम को जल्द ही साई सुदर्शन के रूप में पहला झटका लगा। वह अपने पिछले दिन के स्कोर 11 रन में कोई इजाफा नहीं कर सके। इसके बाद अच्छी लय में चल रहे देवदत्त पडिक्कल भी पहली ही गेंद पर ब्रेट रैंडेल का शिकार बन गए।
दो विकेट जल्दी गिरने के बावजूद जायसवाल ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। दूसरे छोर पर यश राठौड़ ने उनका बखूबी साथ दिया। जायसवाल ने रैंडेल की गेंद पर डीप मिडविकेट के ऊपर से शानदार छक्का लगाकर अपने इरादे जाहिर कर दिए। उन्होंने क्रिस्टियन क्लार्क और जैरोड मैकाय की गेंदों पर भी बेहतरीन ड्राइव लगाए।
डीन फॉक्सक्रॉफ्ट के खिलाफ जायसवाल का बल्ला खास तौर पर खूब चला। उन्होंने अपने पांच में से चार छक्के फॉक्सक्रॉफ्ट की गेंदों पर जड़े। स्लॉग स्वीप के जरिए अपना शतक पूरा करने के बाद जायसवाल ने और भी आक्रामक रुख अपनाया।
राठौड़ ने भी जारी रखी शानदार फॉर्म
यश राठौड़ ने भी अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी से प्रभावित किया। उन्होंने इस श्रृंखला में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए दूसरे मैच में शतक लगाया। पहले मुकाबले में उन्होंने 44 और 66 रन की पारियां खेली थीं। इस बार उन्होंने विदेशी सरजमीं पर अपना पहला शतक पूरा किया।
जायसवाल के लिए यह पारी इसलिए भी अहम रही क्योंकि इससे पहले वह लगातार रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पिछली तीन पारियों में उनके बल्ले से 17, पांच और शून्य रन निकले थे। इससे पहले चंडीगढ़ के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मुकाबले में भी वह खाता नहीं खोल पाए थे।
अब इस शानदार शतक से जायसवाल ने आगामी टेस्ट श्रृंखला से पहले अपनी लय हासिल करने के संकेत दिए हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला 19 नवंबर से शुरू होने वाली है। ऐसे में जायसवाल की यह पारी भारतीय टीम के लिए राहत भरी खबर मानी जा रही है।




