- बीबीडी परिसर से जयकारों के बीच निकली भगवान गणेश की भव्य विसर्जन यात्रा, झूलेलाल पार्क स्थित गोमती नदी में हुआ गणेश प्रतिमा का विसर्जन
लखनऊ। बीबीडी कैम्पस में हो रहे चार दिवसीय गणेश महोत्सव 2026 के समापन समारोह के बाद हजारों की उपस्थिति में शुक्रवार को झूलेलाल पार्क स्थित गोमती तट पर गणेश प्रतिमा का विसर्जन हुआ। सुबह श्री सिद्धि गणेश मंदिर के पंडाल में विराजमान भगवान गणपति की पूजा-अर्चना वाराणसी के प्रख्यात आचार्य राजीव नयन उपाध्याय ने की।
इसके बाद गणपति की भव्य प्रतिमा को वाहन पर सवार कर विसर्जन के लिए हजारों लोगों ने गाड़ियों के काफिले के साथ यात्रा शुरू की। पूरे रास्ते गणपति बप्पा मोरया के जयकारे लगाते हुए, अबीर, गुलाल से सराबोर लोग विघ्नहर्ता की भक्ति में डूबे हुए थे। रास्ते में सभी बाजारों व चौराहों पर लोगों ने गणपति के दर्शन किये और खील एवं लड्डू काप्रसाद ग्रहण किये।
यह शोभा यात्रा बीबीडी कैम्पस से शुरू होकर मटियारी चौराहा, चिनहट तिराहा, पॉलीटेक्निक चौराहा, निशातगंज, हनुमान सेतु होते हुए झूलेलाल पार्क स्थित गोमती नदी में प्रतिमा का विसर्जन किया। इस गणेश विसर्जन में बीबीडीयू की चांसलर श्रीमती अलका दास गुप्ता, प्रो चांसलर विराज सागर दास, वाइस प्रेसिडेंट श्रीमती देवांशी दास एवं सुश्री सोनाक्षी दास, बीबीडी एजुकेशनल ग्रुप के मुख्य अधिशाषी निदेशक आरके अग्रवाल सहित शहर के तमाम गणमान्य लोग सम्मिलित रहे।




