नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
पीटीआई के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 9 बजकर 50 मिनट पर चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के सामने गली सितारा में हुआ। इमारत गिरते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। दमकल विभाग की कम से कम पांच गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया गया।
तंग गलियों के कारण बचाव अभियान में मुश्किल
अधिकारियों के मुताबिक, इमारत सड़क से काफी अंदर गिरी है, जिससे राहत और बचाव दल को मौके तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। इलाके की गलियां भी काफी संकरी हैं। इस वजह से दमकलकर्मियों और बचावकर्मियों को मलबे तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हादसे में घायल एक व्यक्ति को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं, मलबे में फंसे अन्य लोगों को निकालने की कोशिश जारी है।
निर्माणाधीन इमारत गिरने से मचा हड़कंप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय इमारत निर्माणाधीन थी। इसके अचानक गिरने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। फिलहाल प्राथमिकता मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की है।




