back to top

भगवान राम की भूमिका पर बोले रणबीर…लोगों ने जो भरोसा जताया, मुझे उसके योग्य बनना था 

नयी दिल्ली। अभिनेता रणबीर कपूर का कहना है कि आगामी पौराणिक फिल्म ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका निभाना महज एक किरदार नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी थी और उन्होंने हर दिन खुद को यह याद दिलाया कि उन्हें अपने ऊपर जताए गए लोगों के भरोसे के योग्य बनना है।

फिल्म के निर्माताओं ने यूट्यूब पर पर्दे के पीछे का एक वीडियो जारी किया है, जिसमें रणबीर के अलावा निर्देशक नितेश तिवारी और सह-कलाकार अरुण गोविल तथा साई पल्लवी ने भगवान राम के किरदार में रणबीर के काम को लेकर बात की है।

रणबीर ने करीब पांच मिनट के इस वीडियो में कहा,यह कोई किरदार या फिल्म में निभाया जाने वाला महज एक रोमांचक किरदार नहीं है। यह एक जिम्मेदारी है… इसलिए हर दिन मैं खुद को याद दिलाता था कि मेरा काम इस भूमिका के योग्य बनना नहीं था। मेरा काम था उस भरोसे के योग्य बनना, जो लोगों ने इस भूमिका पर जताया है।

उन्होंने कहा, लेकिन मुझे लगता है कि सब कुछ उस व्यक्ति की सरलता और आस्था पर निर्भर करता है, जो भगवान राम की भूमिका निभा रहा है।नमित मल्होत्रा की डीएनईजी और प्राइम फोकस स्टूडियोज द्वारा निर्मित ‘रामायण’ को पौराणिक महाकाव्य का बड़े वैश्विक स्तर पर रूपांतरण बताया जाता है।

फिल्म का पहला भाग दिवाली के अवसर पर छह नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा भाग 2027 में रिलीज करने की योजना है।फिल्म में साई पल्लवी को सीता की, यश को रावण की, सनी देओल को हनुमान की और रवि दुबे को लक्ष्मण की भूमिका में देखा जा सकता है।

रामानंद सागर की टेलीविजन शृंखला ‘रामायण’ में भगवान राम का लोकप्रिय किरदार निभाने वाले अरुण गोविल इस फिल्म में राजा दशरथ की भूमिका में नजर आएंगे।अरुण गोविल ने कहा कि ‘रामायण’ की कोई एक परिभाषा नहीं है, क्योंकि यह हमारी गरिमा, सम्मान, गौरव, संस्कृति और विरासत है।

रणबीर की प्रशंसा करते हुए वरिष्ठ अभिनेता और सांसद अरुण गोविल ने कहा कि उनमें इस भूमिका को निभाने के लिए जरूरी कई गुण हैं। उन्होंने कहा,आमतौर पर आप किसी सुपरस्टार से यह उम्मीद नहीं करेंगे कि वह आकर आपके पैर छुए। लेकिन वह हमेशा ऐसा करते हैं। मौजूदा पीढ़ी के युवा सितारों में रणबीर भगवान राम की भूमिका के लिए सबसे उपयुक्त हैं।निर्देशक नितेश तिवारी ने कहा कि भगवान राम की भूमिका के लिए कलाकार का चयन आसान काम नहीं था।

उन्होंने कहा,रामायण सबसे पुराना महाकाव्य है। भारत में हमारा विश्वास है कि अगर आप भगवान राम के मूल्यों का एक प्रतिशत भी अपने भीतर उतार लें तो आप एक महान व्यक्ति बन सकते हैं। अब कल्पना कीजिए कि वह किस तरह के व्यक्ति रहे होंगे। इसलिए भगवान राम के किरदार के लिए कलाकार चुनना लगभग असंभव था। हम केवल प्रयास कर सकते थे।

तिवारी ने कहा, जब नमित ने मेरे साथ रणबीर के नाम पर चर्चा की तो मुझे लगा कि रणबीर के साथ यह सब संभव है। वह सभी कसौटियों पर खरे उतरते थे।साई पल्लवी ने बताया कि बचपन से ही उनके मन में भगवान राम की एक विशेष छवि थी।

उन्होंने कहा, मेरे मन में राम की छवि बहुत पतली काया वाले व्यक्ति की थी, जिनका सिर थोड़ा झुका हुआ है… और हाथ में धनुष है। साथ में छोटी और नाजुक सीता हैं। बचपन से मुझे यही छवि याद है। अब अचानक मुझे वही राम दिखाई दिए, जिन्हें मैंने बचपन में देखा था और मैं अभिभूत हो गई।

रणबीर ने कहा कि फिल्म बनाने के सबसे रोमांचक पहलुओं में से एक यह देखना था कि किस तरह नमित ‘‘पूर्व और पश्चिम की सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं को रामायण की कहानी कहने के एक साझा विश्वास के साथ एक साथ लाये।’’

उन्होंने कहा कि उन्हें टेरी नोटरी के मार्गदर्शन में ‘बॉडी लैंग्वेज’ और गतिविधियों का प्रशिक्षण लेने का अवसर मिला। रणबीर ने कहा कि नोटरी का रामायण और इसकी कहानी में विश्वास उनके लिए खास तौर पर प्रेरणादायक था।

उन्होंने कहा कि उन्हें प्रसिद्ध एक्शन विशेषज्ञ गाइ नॉरिस के साथ भी दो एक्शन दृश्यों पर काम करने का अवसर मिला और नॉरिस की भगवान राम के भावनात्मक पक्ष में रुचि उनके लिए सुखद आश्चर्य थी।

‘रामायण’ की पटकथा श्रीधर राघवन ने लिखी है। तिवारी भी पटकथा लेखन से जुड़े हैं। फिल्म का निर्माण यश की कंपनी ‘मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स’ के सहयोग से किया गया है। धर्मा प्रोडक्शन्स उत्तर भारत के हिंदी भाषी बाजारों में फिल्म का वितरण करेगा, जबकि सोनी पिक्चर्स इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिलीज करेगी।

 

RELATED ARTICLES

न्याय मिलने तक अंकिता भंडारी के परिवार के साथ खड़ी रहेगी कांग्रेस: राहुल गांधी

नयी दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अंकिता भंडारी के माता-पिता को हिरासत में लिए जाने को लेकर बृहस्पतिवार को सरकार पर...

भाजपा और निर्वाचन आयोग मतदाता सूची में हेरफेर के लिए मिलकर कर रहे हैं काम : अखिलेश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं निर्वाचन आयोग पर मतदाता सूची में कथित हेरफेर...

PM मोदी ने लद्दाख में 3,350 करोड़ रुपये की पांच प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन किया

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से लद्दाख में हवाई अड्डे के बुनियादी ढांचे और सामरिक सड़क संपर्क...

न्याय मिलने तक अंकिता भंडारी के परिवार के साथ खड़ी रहेगी कांग्रेस: राहुल गांधी

नयी दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अंकिता भंडारी के माता-पिता को हिरासत में लिए जाने को लेकर बृहस्पतिवार को सरकार पर...

भाजपा और निर्वाचन आयोग मतदाता सूची में हेरफेर के लिए मिलकर कर रहे हैं काम : अखिलेश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं निर्वाचन आयोग पर मतदाता सूची में कथित हेरफेर...

PM मोदी ने लद्दाख में 3,350 करोड़ रुपये की पांच प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन किया

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से लद्दाख में हवाई अड्डे के बुनियादी ढांचे और सामरिक सड़क संपर्क...

नीट-पीजी: प्रश्न उजागर करने संबंधी याचिका पर न्यायालय का केंद्र को नोटिस

नयी दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार से उस याचिका पर जवाब मांगा, जिसमें नीट-पीजी 2026 की उत्तर कुंजी और अभ्यर्थियों द्वारा...

साइबर ठगी से बचाव के लिए लखनऊ पुलिस की पहल, उटर गोमती नगर में छात्रों को किया जागरूक

लखनऊ। डिजिटल अपराधों पर अंकुश लगाने और विद्यार्थियों को साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के पूर्वी जोन...

‘धमाल विद पति पत्नी और पंगा सीजन 2’ की 5 मजबूत और 5 कमजोर कड़ियां

मुंबई। टेलीविजन पर सेलिब्रिटी रियलिटी शोज का फॉर्मूला हमेशा दर्शकों को लुभाता रहा है, खासकर तब जब परदे के पीछे की निजी जिंदगी और...