लखनऊ। प्रसिद्ध गजल एवं ठुमरी गायिका बेगम अख्तर (अख्तरी बाई) की जयंती के अवसर पर आज भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ के कला मंडपम सभागार में विशेष गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से बेगम अख्तर की अमर संगीत साधना एवं उनकी विशिष्ट गायन शैली को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. मांडवी सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बेगम अख्तर भारतीय संगीत जगत की ऐसी महान कलाकार थीं, जिन्होंने गजल, ठुमरी और दादरा जैसी विधाओं को अपनी अनूठी गायकी से नई पहचान प्रदान की। भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय के इतिहास का गौरव रहा है की बेगम साहिबा यहाँ से जुड़ी रहीं और यहाँ के विद्यार्थियों तथा शिक्षकों को उनका सनिध्य मिला । उनकी गायकी में भाव, संवेदना और स्वर की गहराई का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है। उनकी संगीत साधना सदैव कलाकारों एवं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी।
कार्यक्रम की शुरूआत डॉ. विवेक सरोज द्वारा बेगम अख्तर के जीवन, संगीत यात्रा एवं कला से संबंधित प्रश्नों के माध्यम से हुई। इसके पश्चात विश्वविद्यालय के शिक्षक विनायक सहाय ने सारंगी वादन के माध्यम से राग मुल्तानी प्रस्तुत किया। इसके बाद उन्होंने बेगम अख्तर की प्रसिद्ध ठुमरी हमरी अटरिया पे आ जा रे संवरिया प्रस्तुत कर वातावरण को सुरमयी बना दिया। इस प्रस्तुति में तबले पर मोहित दुबे तथा तानपुरे पर अर्पिता पंकज शुक्ल ने संगत की। इसके पश्चात विश्वविद्यालय की छात्रा रिया तिवारी ने बेगम अख्तर की प्रसिद्ध गजल अभी फरमान आया है वहाँ से प्रस्तुत की। छात्रा शिवांगी पाण्डेय ने कुछ इशारे थे जिन्हें दुनिया समझ बैठे हम गजल की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का समापन नमन सिंह ने बेगम अख्तर द्वारा गाई गई प्रसिद्ध ऐ मोहब्बत तेरे अंजाम पे रोना आया से किया जिसनें श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। इन प्रस्तुतियों में तबले पर सौरभ सिंह एवं शुभम भारती तथा सारंगी पर विनायक सहाय ने प्रभावी संगत की। कार्यक्रम का संयोजन एवं निर्देशन विभागाध्यक्ष, गायन, प्रो. सृष्टि माथुर द्वारा किया गया। समापन अवसर पर प्रो. सृष्टि माथुर ने सभी कलाकारों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का मंच संचालन गयान्तिका ज्येष्ठा एवं अनुष्का सिंह द्वारा किया गया। विश्वविद्यालय के कुलसचिव अतुल कुमार ने कहा कि महान संगीत विभूतियों की जयंती के अवसर पर इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को भारतीय संगीत की समृद्ध परंपरा से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। बेगम अख्तर की कला-साधना और उनका सांगीतिक योगदान भारतीय सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर है। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थियों को महान कलाकारों की रचनाओं एवं उनकी कला-दृष्टि से परिचित कराते हुए भारतीय संगीत परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाया जाए। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष तालवाद्य डॉ. मनोज कुमार मिश्रा, विभागाध्यक्ष नृत्य ज्ञानेन्द्र दत्त बाजपेयी, डॉ. रुचि खरे एवं श्रीमती मंजुला पंत सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




