बाराबंकी। देवा मेला एवं प्रदर्शनी-2026 की मेगा नाइट बुधवार को सुरों और संगीत के नाम रही। बॉलीवुड के मशहूर गायक जावेद अली ने अपनी शानदार गायकी से ऐसा जादू बिखेरा कि मेला परिसर देर रात तक तालियों और दर्शकों की गूंज से सराबोर रहा। उनके एक के बाद एक लोकप्रिय गीतों ने श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
मंच पर जावेद अली के पहुंचते ही दर्शकों ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने ‘जश्न-ए-बहारां’, ‘तू जो मिला तो हो गया सब हासिल’, ‘कुन फाया कुन’, ‘अर्जियां’, ‘तू ही हकीकत’, ‘श्रीवल्ली’, ‘तुम तक’, ‘तेरा दीदार हुआ’ और ‘नगाड़ा’ जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर महफिल में रंग जमा दिया। वहीं सदाबहार गीत ‘अभी न जाओ छोड़कर’ की प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। रोमांटिक और सूफियाना गीतों की धुन पर पंडाल में मौजूद लोग तालियां बजाते और गुनगुनाते नजर आए।
जावेद अली की सुरीली आवाज, सुरों पर मजबूत पकड़ और गीतों में भावों की अभिव्यक्ति ने पूरी शाम को यादगार बना दिया। उनकी प्रस्तुति में संगीत दल के कलाकारों ने भी बेहतरीन संगत की। मनीष कुलकर्णी ने बेस गिटार, मान्टू गोसावी ने ऑक्टोपैड, लतेश परब ने तबला एवं परक्यूशन, सचिन तायड़े ने फ्लूट, अमन देसाई और अश्विन रोकड़े ने की-बोर्ड, रोहन नाडकर्णी ने ड्रम तथा रौनी सातमकर ने लीड गिटार पर अपनी प्रतिभा दिखाई।
कार्यक्रम की तकनीकी व्यवस्थाओं में धनंजय ववाले, रूजवेल्ट डिसूजा, चंदन शर्मा और निखिल जवारे ने अहम भूमिका निभाई। सुरों की इस शानदार महफिल में समय का पता ही नहीं चला और देर रात तक दर्शक संगीत का आनंद लेते रहे। जावेद अली की प्रस्तुति देवा मेला-2026 की यादगार सांस्कृतिक शामों में शामिल हो गई।




