पंचकूला: स्कूल में बेरहमी से पिटाई का शिकार हुई केजी की मासूम बच्ची आखिरकार अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अपने घर लौट आई है। चंडीगढ़ पीजीआई में इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ है। घर पहुंचने पर परिवार और आसपास के लोगों ने फूल बरसाकर उसका स्वागत किया। बेटी को सुरक्षित अपने बीच देखकर परिजनों की आंखें खुशी से भर आईं। परिवार ने इस मुश्किल समय में बच्ची के लिए दुआ करने वाले देशभर के लोगों का आभार जताया है।
पिछले कई दिनों से परिवार जिस चिंता और डर के दौर से गुजर रहा था, बच्ची की घर वापसी ने उसे बड़ी राहत दी है। हालांकि, मासूम अभी पूरी तरह स्वस्थ नहीं हुई है और उसे ठीक होने में कुछ समय लगेगा। परिवार के मुताबिक, बच्ची भी जल्द से जल्द घर लौटना चाहती थी।
चाचा बोले- बच्ची का यह दूसरा जन्म है
बच्ची के चाचा ने भावुक होते हुए कहा कि परिवार के लिए यह उसकी दूसरी जिंदगी मिलने जैसा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती होने के समय मासूम की हालत देखकर पूरा परिवार बेहद डर गया था। उस वक्त उन्हें आशंका थी कि कहीं वे अपनी बच्ची को हमेशा के लिए न खो दें।
चाचा ने कहा कि देश के कोने-कोने से लोगों ने बच्ची के जल्द स्वस्थ होने की दुआ की। परिवार उन सभी लोगों का दिल से शुक्रगुजार है, जिन्होंने इस कठिन समय में शुभकामनाएं देकर उनका हौसला बढ़ाया।
अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुई है बच्ची
पिता ने बताया कि बेटी की घर वापसी की खुशी को शब्दों में बयान करना मुश्किल है। उसकी तबीयत में काफी सुधार हुआ है, लेकिन अभी उसे कुछ परेशानियां हैं। वह ठीक से बैठ नहीं पा रही है। कभी चक्कर आते हैं तो कभी पेट में दर्द की शिकायत होती है।
पिता के मुताबिक, डॉक्टरों ने बच्ची को घर पर रखकर धीरे-धीरे स्वास्थ्य में सुधार होने की उम्मीद जताई है। परिवार को भरोसा है कि घर के माहौल में वह जल्द पूरी तरह स्वस्थ हो जाएगी।
सिर पर गंभीर चोट लगी थी, शरीर पर टांके के निशान
पिता ने बताया कि बच्ची के चेहरे पर अभी भी चोटों के निशान मौजूद हैं। उसके शरीर पर तीन से चार जगह टांके लगे हुए हैं। उसे कई गंभीर चोटें आई थीं, जिनमें सिर पर लगी चोट सबसे ज्यादा गंभीर थी। इलाज के बाद उसकी स्थिति में सुधार होने पर डॉक्टरों ने उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी।
उन्होंने पीजीआई के निदेशक, डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ का विशेष रूप से आभार जताया। पिता ने कहा कि इलाज के दौरान चिकित्सकों ने बच्ची की अच्छी देखभाल की और परिवार को पूरा सहयोग दिया।
पिता बेटी को बनाना चाहते हैं बड़ा अधिकारी, मासूम का सपना डॉक्टर बनने का
बच्ची के भविष्य को लेकर पिता ने कहा कि वह अपनी बेटी को खूब पढ़ाएंगे और उसे बड़ा अधिकारी बनाएंगे। हालांकि, मासूम का अपना सपना डॉक्टर बनने का है। पिता के मुताबिक, बच्ची को पढ़ाई का बहुत शौक है।
सरकार की ओर से गठित कमेटी की कार्रवाई पर भी पिता ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कमेटी जो भी फैसला लेगी, परिवार उसके साथ है।
माता-पिता ने लोगों से की बच्ची के लिए दुआ करने की अपील
पिता ने लोगों से अपील की कि बच्ची के पूरी तरह स्वस्थ होने तक उसके लिए दुआ करते रहें। वहीं, मां ने भावुक होकर कहा कि उनकी बच्ची अब ठीक है और परिवार के लिए इससे बड़ी खुशी कुछ नहीं हो सकती। उन्होंने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान परिवार ने जिस मानसिक पीड़ा का सामना किया, उसे शब्दों में बयां करना बेहद मुश्किल है।
मां ने दूसरे अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें। उन्होंने स्कूलों के शिक्षकों और प्रबंधन से भी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाने को कहा। उनके मुताबिक, बच्चों की सुरक्षा स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए, ताकि किसी दूसरे परिवार को इस तरह की पीड़ा से न गुजरना पड़े।




